तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में 183.50 रुपये की बड़ी कटौती करके व्यापार जगत को बड़ी राहत दी है। नए दाम लागू होने से भिवानी और हांसी समेत देशभर के होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की परिचालन लागत काफी कम हो जाएगी।
भिवानी। देशभर के व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए राहत की एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की भारी कटौती कर दी है। लगातार कई महीनों तक कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहने के बाद पहली बार छोटे व्यापारियों को इतनी बड़ी राहत दी गई है। गैस की ये नई संशोधित दरें 1 जुलाई से पूरी तरह लागू हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई हालिया गिरावट और वैश्विक स्तर पर गैस आपूर्ति की परिस्थितियों में आए बड़े सुधार को इस कटौती का मुख्य कारण माना जा रहा है। इसका सीधा फायदा भिवानी और हांसी समेत देश के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटे दुकानदारों को मिलेगा।
गैस एजेंसी संचालकों ने किया स्वागत
इस राहत भरे फैसले को लेकर भिवानी और हांसी क्षेत्र के गैस एजेंसी संचालकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। भिवानी के गैस एजेंसी संचालक हंसराज और हांसी के मैनेजर सुनील ने बताया कि भारत गैस, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम द्वारा दी गई इस छूट से कमर्शियल गैस की बिक्री में तेजी आएगी। वैश्विक बाजार में जारी उथल-पुथल के सामान्य होने से कंपनियों ने यह कदम उठाया है, जिससे उद्योगों को गति मिलेगी। लगातार बढ़ती महंगाई के दौर में इतनी बड़ी कटौती होना व्यापारिक गतिविधियों के लिए संजीवनी साबित होगा। गैस संचालकों के अनुसार कीमतों में कमी आने से अब बाजारों में कमर्शियल सिलेंडरों की कालाबाजारी पर भी लगाम लगेगी और वैध कनेक्शनों का उपयोग बढ़ेगा।
छोटे व्यापारियों को मिली बड़ी राहत
हांसी के चाय विक्रेता अमित जैन और ढाबा संचालक कृष्ण सिंह ने सरकार के इस फैसले पर बेहद खुशी जताई है। उनका कहना है कि पहले गैस के दाम आसमान छू रहे थे, जिसकी वजह से दैनिक व्यापार में मुनाफा कमाना बेहद मुश्किल हो गया था। अब प्रति सिलेंडर 183.50 रुपये की बचत होने से उनके कारोबार की लागत कम होगी और घाटे से उबरने में मदद मिलेगी। भिवानी के स्थानीय उपभोक्ताओं सुनील बत्तरा, महेंद्र और अजीत ने भी इस फैसले का पुरजोर स्वागत किया है। आम जनता का मानना है कि व्यावसायिक गैस सस्ती होने से बाहर मिलने वाले खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी कमी आ सकती है। इसके साथ ही राजेंद्र सहित अन्य उपभोक्ताओं ने सरकार से मांग की है कि अब घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में भी ऐसी ही बड़ी कटौती की जानी चाहिए ताकि आम परिवारों को राहत मिल सके।

