अंबाला। हरियाणा के अंबाला में गुरुवार दोपहर शुरू हुआ पुलिस और सिख जत्थेबंदियों के बीच टकराव रात तक जारी रहा। सिख जत्थेबंदियों और किसानों ने जीटी रोड पर डेरा डाल दिया। पुलिस प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने सड़क खाली कराने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के सिर में चोट लगी।

प्रदर्शनकारी दो मांगों को लेकर सड़क पर बैठे थे। पहली मांग पंजाब के लुधियाना निवासी और इंटरनेशनल एंटी खालिस्तान टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की थी। दूसरी मांग मंड पर हमले के आरोप में गिरफ्तार दो लोगों को रिहा करने की थी।
मंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज, युवकों की रिहाई पर पेच
पुलिस प्रशासन और सिख जत्थेबंदियों के बीच लंबे समय तक बातचीत चली। इसके बाद गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। हालांकि, हमले के मामले में गिरफ्तार दोनों युवकों की तत्काल रिहाई को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इसी वजह से प्रदर्शनकारी जीटी रोड पर डटे रहे।
अंबाला रेंज के आईजी पंकज नैन और एसपी अजीत शेखावत ने भी प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
बैरिकेडिंग तोड़कर जीटी रोड पर पहुंचे प्रदर्शनकारी
इससे पहले गुरुवार दोपहर पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे में बैठक हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में सिख जत्थेबंदियां जीटी रोड की ओर बढ़ीं। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, जिसे प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।
दोपहर करीब 12 बजे से सिख जत्थेबंदियों के समर्थन में किसान भी सड़क पर मौजूद थे। रात में प्रदर्शनकारियों ने मौके पर लंगर की तैयारी शुरू कर दी।
कई किलोमीटर तक लगा जाम
प्रदर्शन के कारण जीटी रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया, लेकिन रात तक जाम बढ़ता गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सड़क खाली कराने की कोशिश की। इसी दौरान लाठीचार्ज किया गया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के सिर में चोट लग गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
स्थानीय समाचार


