राकेश कथूरिया, कैथल। डीसी अपराजिता ने वीरवार को जिला खजाना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हाजिरी रजिस्टर में अनियमितता और रिकॉर्ड व्यवस्थित नहीं मिलने पर उन्होंने कार्यालय का कार्यभार देख रहे सहायक और हाजिरी रजिस्टर संभालने वाले क्लर्क को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

डीसी ने सबसे पहले स्टोर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने क्लर्क रूम में हाजिरी रजिस्टर की जांच की।

हाजिरी रजिस्टर में छुट्टी का आवेदन होने के बावजूद उपस्थिति दर्ज की गई थी। इसे लेकर डीसी ने लापरवाही पर जिला खजाना कार्यालय का कार्यभार संभाल रहे सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। हाजिरी रजिस्टर का काम देखने वाले क्लर्क को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद डीसी ने खजाना अधिकारी के कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षित कक्ष का भी जायजा लिया। इस दौरान रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और अनावश्यक दस्तावेजों को तय प्रक्रिया के अनुसार हटाने के निर्देश दिए।

डीसी ने स्टांप वितरण, डाक टिकटों की बिक्री सहित खजाना कार्यालय के अलग-अलग कामकाज की स्थिति की भी जानकारी ली।

कार्यालय में साफ-सफाई पर जोर

डीसी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खजाना कार्यालय के बाहर बने शौचालय को भी साफ रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि कार्यालय को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है। सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि उनके कार्यालयों में अनावश्यक सामान जमा न हो। पुराने रिकॉर्ड को तय प्रक्रिया के तहत हटाया जाए और जरूरी रिकॉर्ड को डिजिटाइज कराया जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m