कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। छात्रों के प्रदर्शन और उन पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि सत्ता का अहंकार सरकारों को अंधा बना देता है।

सुरजेवाला ने कहा कि अगर देश के युवा संसद आकर अपनी बात रखना चाहते हैं तो क्या मोदी सरकार को उनकी बात नहीं सुननी चाहिए? उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार युवाओं को पुलिस की लाठियों से पिटवाए और उन पर आंसू गैस के गोले बरसाए? उन्होंने पूछा कि मोदी सरकार को यह अधिकार किसने दिया?

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह प्रजातंत्र नहीं, बल्कि ‘लठतंत्र’ है, जिसका भय आज टूट गया है। उन्होंने सरकार से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने और छात्रों की आवाज सुनने की मांग की। सुरजेवाला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने छात्रों की आवाज नहीं सुनी तो देश की युवा शक्ति भाजपा के अहंकार को तोड़ देगी।

वहीं, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब सड़कों पर जुल्म की लाठियां बरस रही हों तो संसद खामोश नहीं रह सकती।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जब उन्होंने संसद में अपने साथी सांसदों के साथ छात्रों की आवाज उठाई तो नियमों का हवाला देकर उन्हें टीवी स्क्रीन से बाहर कर दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि लोकतंत्र में देश के युवाओं की ‘लोक-आवाज’ अगर देश की लोकसभा में नहीं उठाई जाएगी तो फिर कहां उठाई जाएगी?