विनोद सैनी ,हिसार। हांसी के चनौत गांव में पानी की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीणों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की घटना पर कांग्रेस ने हरियाणा सरकार को घेरा है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता बजरंग दास गर्ग ने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।

बजरंग गर्ग ने कहा कि चनौत गांव के ग्रामीण पिछले 38 दिनों से पानी की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। ऐसे में उन पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की जिम्मेदारी है कि गांवों और शहरों तक पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराए।

बातचीत से निकले समाधान : गर्ग

कांग्रेस नेता ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह अपनी जिद छोड़कर किसान संगठनों, ग्राम पंचायतों और संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करे। संवाद और आपसी सहमति से ही समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।

ट्यूबवेल मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

बजरंग गर्ग ने धरना स्थल पर लगाए गए ट्यूबवेल के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि ट्यूबवेल किसने लगाया, इसकी अनुमति किसने दी और उस दौरान प्रशासन ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। उनका आरोप है कि कई घंटों तक काम चलता रहा, लेकिन प्रशासन मौन रहा और बाद में देर रात कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान 36 बिरादरी के भाईचारे से है और गांव-शहर के बीच किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी वर्गों को साथ लेकर प्रदेश के विकास और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।