अजय सैनी, भिवानी। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता धीरज सिंह ने गैस सिलेंडर के बढ़े दामों को गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर “सरकारी डकैती” बताते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला है।
धीरज सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार का हवाला देकर बार-बार गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए जाते हैं, लेकिन जब वैश्विक बाजार में कीमतें कम होती हैं तो उसका लाभ उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचाया जाता। उन्होंने कहा कि देश में एक तरफ बेरोजगारी बढ़ रही है और लोगों की आय घट रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकार लगातार महंगाई का बोझ बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से गृहिणियों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है और आम परिवार आर्थिक दबाव झेलने को मजबूर हैं।
उज्ज्वला योजना पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार मुफ्त गैस कनेक्शन देने का दावा करती है, लेकिन महंगे रिफिल के कारण गरीब परिवार सिलेंडर भरवाने में सक्षम नहीं हैं। नतीजतन ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग फिर से लकड़ी और उपलों के चूल्हों पर खाना बनाने को मजबूर हो गए हैं।
खाद्य पदार्थों और ईंधन की बढ़ती कीमतों पर चिंता
धीरज सिंह ने कहा कि केवल गैस सिलेंडर ही नहीं, बल्कि खाद्य तेल, दाल, सब्जियां और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। पेट्रोल-डीजल के ऊंचे दामों के कारण परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस सड़कों से लेकर संसद तक विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता संघर्ष करने को तैयार है।

