सतीश सिंह, लखनऊ. आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी के किसान प्रकोष्ठ के फर्जी प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव बताकर कुछ लोगों की ज्वाइनिंग करवा रही है और मीडिया के माध्यम से भ्रामक खबरें फैला रही है.

सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने जिन व्यक्तियों को आम आदमी पार्टी किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष विवेक पांडेय और प्रदेश महासचिव संजय मिश्रा बताकर शामिल होने का दावा किया है, वे आप के किसान प्रकोष्ठ में इन पदों पर नहीं हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कमांडो अशोक हैं तथा वास्तविक प्रदेश महासचिव नीरज छौंकर हैं. उन्होंने कहा कि आखिर किस झूठे इंसान ने अखबारों और सोशल मीडिया हैंडल्स को यह गलत जानकारी दी. उन्होंने पूरे प्रकरण को कांग्रेस की गहरी राजनीतिक साजिश करार देते हुए मीडिया संस्थानों को गलत तथ्य परोसकर गुमराह करने की बात कही.

इसे भी पढ़ें : ‘भाषण से शुरू, प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंचता है सांप्रदायिक माहौल’… मस्जिद विवाद पर अखिलेश का BJP पर हमला

सस्ती लोकप्रियता के लिए फर्जी टैग लगाना अनैतिक

संजय सिंह ने कहा कि सस्ती लोकप्रियता के लिए किसी भी व्यक्ति को ‘प्रदेश अध्यक्ष’ का फर्जी टैग लगाकर जॉइनिंग कराना अनैतिक है और जनता तथा प्रेस को धोखा देने का प्रयास है. उन्होंने जोर देकर कहा कि आम आदमी पार्टी का संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है.