Bihar News: बिहार के जमुई, समस्तीपुर और मधेपुरा में युवतियों की साथ हुई छेड़खानी और बदसलूकी की घटना को लेकर पूरे बिहार के लोगों में आक्रोश का माहौल है। वहीं, इस मुद्दे पर सियासत भी देखने को मिल रही है। सत्ता पक्ष के लोग जहां कार्रवाई होने की दुहाई देकर सब कुछ ठीक होने का दावा कर रहे हैं। वहीं, विपक्ष के नेता बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है। इस बीच कांग्रेस नेता शकील अहमद खान का बड़ा बयान सामने आया है।
खत्म हो गया है बिहार सरकार का इकबाल
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान जमुई के बाद समस्तीपुर और दरभंगा में छेड़छाड़ की घटना पर कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने कहा कि, बहुत पहले से बिहार की सरकार का इकबाल खत्म हो गया है। बिहार का लॉ एंड ऑर्डर चरमरा गया है। अपराधियों को जल्दी बेल मिल जाती है। जेल जाते हैं, बेल लेते हैं तो उन्हें डर किस बात का…भाजपा का दर्शन किसी के पक्ष का नहीं है। वह माल खाने का है। इससे सरकारें नहीं चलतीं।
बिहार में ट्रिपल जंगलराज- शकील अहमद खान
शकील अहमद खान ने कहा कि, लूट, हत्या, रेप, मारपीट, दंगा-फसाद यहां आए दिन की आदत बन चुकी है। कम्यूनल टेंशन में मारा जाता है, जातीय आधार पर मारा जाता है, गुंडागर्दी, फिरौती, किडनैप के आधार पर मारा जाता है। बचा क्या है? डबल नहीं ट्रिपल जंगलराज हो चुका है, यह कंट्रोल से बाहर है।
तेजस्वी के बयान पर कही ये बात
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी सहित विपक्ष के नेताओं द्वारा इलेक्शन कमीशन पर सवाल खड़े करने पर कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने कहा कि, सभी ने सवाल खड़े किए हैं और होने भी चाहिए। वह दो सहयोगी(चुनाव आयुक्तों) के साथ नहीं रह पाते हैं। 14 बार सहयोगियों ने बताया कि जिस तरह SIR पर आप काम कर रहे हैं, वह गलत है।
दोबारा चुनाव कराने की मांग
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर दिए बयान, ‘एक खून माफ होता तो, उन्हे गोली मार देता’ पर शकील अहमद खान ने कहा कि, मैं ऐसे व्यक्ति के किसी बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देता हूं। न मैं इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करता हूं। मैं यह जानता हूं कि ज्ञानेश कुमार ने बहुत गलत काम किया है, गंदा काम किया है… भाजपा और उन्होंने मिलकर वोट चुराया है। उनके रहते जहां चुनाव हुआ, वहां दोबारा चुनाव होना चाहिए।
ये भी पढ़ें- मुझे खुद शर्म आती है कि हमारी बेटियां असुरक्षित हैं- चिराग पासवान का जमुई-समस्तीपुर कांड पर बड़ा बयान


