कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान दिल्ली से पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से खुलकर बात की और हाल ही में बिहार के जमुई और समस्तीपुर में घटी आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस तरह की अवांछित घटनाओं को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अंजाम दिया जाना बेहद गंभीर विषय है, जिस पर तुरंत और कड़ी कार्रवाई की जरूरत है।

​अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई

​चिराग पासवान ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बातचीत की है। उन्होंने जमुई की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और 48 घंटे के भीतर मुख्य अपराधी का एनकाउंटर कर दिया गया।
​उन्होंने विश्वास जताया कि समस्तीपुर मामले में भी दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने वहां भी कुछ गिरफ्तारियां की हैं और प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।

​बेटियों का असुरक्षित महसूस करना शर्म की बात

​बिहार में महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए चिराग पासवान भावुक और सख्त नजर आए। उन्होंने कहा:

​सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि ऐसी घटनाएं आखिर घट कैसे रही हैं? असामाजिक तत्व समाज में इस तरह के कृत्य करने का दुस्साहस कैसे कर रहे हैं? मुझे खुद इस बात पर शर्म आती है कि आज हमारी बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं, और इस सच्चाई से कोई भी भाग नहीं सकता।
​उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासन को और अधिक मुस्तैद होने की आवश्यकता है ताकि बेटियों के मन से डर को पूरी तरह निकाला जा सके।

​लापरवाह अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज

​केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि केवल अपराधी ही नहीं, बल्कि लापरवाह अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही के कारण बच्चियों को असुरक्षित महसूस करना पड़ रहा है, तो उन अधिकारियों पर भी कड़ी से कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
​उन्होंने अंत में यह भी जानकारी दी कि जमुई के सांसद अरुण भारती लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और पूरे मामले पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि पीड़ित पक्ष को जल्द से जल्द न्याय मिल सके और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।