अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार में कल रविवार को आयोजित मद्य निषेध विभाग के लिए सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान राजधानी पटना समेत कई जगहों पर उपद्रव देखने को मिला था। सबसे ज्यादा हंगामा पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर देखने को मिला, जहां अभ्यर्थियों के एक समूह ने ट्रेन के देरी से पहुंचने पर आक्रोशित हो उठे और रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ करते हुए आरपीएफ और पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें आईजी समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई।

‘अपने भविष्य को लेकर तनाव में देश का युवा’

इन सभी घटनाओं पर सासाराम पहुंचे कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने सरकार पर करारा तंज कसा है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, उनके नेता राहुल गांधी पहले से ही कह रहे हैं कि देश में बड़ी आर्थिक तबाही आने वाली है। यह उसी का नमूना है। आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर काफी तनाव में है। ऐसे में जहां कहीं भी उन्हें थोड़ी सी असुरक्षा की भावना दिखाई देती है। वह अपने गुस्से का सामने रख रहे हैं।

‘आम लोगों की पहुंच से दूर हो रही साग-सब्जी’

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि, प्रदेश और देश में महंगाई चरम पर है। खाने-पीने की चीज से लेकर साग सब्जी तक आम लोगों के पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि एक वह समय था, जब चार सौ रुपए का सिलेंडर मिलने पर यही भाजपा के लोग अपना कपड़ा फाड़ने पर उतारू थे। लेकिन आज लगातार तमाम जरूरी सामानों के दाम बढ़ रहे हैं। ऐसे में भाजपा के लोग कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

‘एक परीक्षा नहीं ले पा रही सरकार’

उन्होंने तंज कसा की क्या यही अच्छे दिन की तस्वीर है? एक तरफ सरकार के लोग 4399 दिन का जश्न मना रहे हैं और दूसरी और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तु आम नागरिकों के पहुंच से दूर होती जा रही है। नीट जैसे प्रतिष्ठित परीक्षा जिसमें 22 लाख बच्चों का भविष्य इन लोगों ने बर्बाद कर दिया। उनके अच्छे दिन का यही नमूना है कि एक मामूली सा परीक्षा लेने में ये लोग तबाह हो जाते हैं।

ये भी पढ़ें- ‘कोई तीसरा इंसान जरूर…’, रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत पर खान सर का बयान आया सामने