कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस ने वन टाइम फीस (OTF) को लेकर बुधवार को एक राजनीतिक आंदोलन किया। जिसके तहत यूथ कांग्रेस ने ग्वालियर में OTF मैराथन का आयोजन किया। लेकिन इस दौरान कुछ ऐसा हुआ कि हर कोई हक्का-बक्का रह गया। मैराथन के दौरान अचानक ‘कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद’ के नारे लगने लगे जिसे सुनकर लोग हैरान हो गए। 

यूथ कांग्रेस के OTF मैराथन से जुड़ा वीडियो वायरल

दरअसल, ग्वालियर में हुए OTF मैराथन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें  स्पोर्ट्स कपड़े पहने कुछ युवा मंच पर चढ़कर और कुछ जमीन में खड़े होकर ‘कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। हालांकि, यह कार्यक्रम शुरू होने से पहले का है या फिर खत्म होने के बाद का इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। 

प्रतियोगी परीक्षाओं में वन टाइम फीस व्यवस्था की मांग

बता दें कि फूलबाग मैदान स्थित मैराथन समापन स्थल पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ था। प्रतियोगी परीक्षाओं में वन टाइम फीस व्यवस्था लागू करने के लिए युवाओं को एक कर कांग्रेस ने हुंकार भरी थी। कांग्रेस का कहना था कि केंद्र सरकार के प्रति विरोध जाहिर करने युवाओं का मजबूत समर्थन मिला था।इस कार्यक्रम में PCC चीफ जीतू पटवारी, युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और जयवर्धन सिंह भी शामिल हुए थे। 

कांग्रेस से नाराज यूथ?

इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सवाल खड़े होने लगे हैं कि जिस पार्टी ने यह कार्यक्रम आयोजित किया, युवा उसी के खिलाफ नारे क्यों लगा रहे हैं ? क्या वे इस कार्यक्रम से नाराज हैं या फिर इसके पीछे कोई और मंशा थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m