धनेश विद्यार्थी,रेवाड़ी।बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ रहे दामों के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव गांधी चौक पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता सचिवालय पहुंचे और सीटीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर आम जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के कारण आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
प्रदर्शन में शामिल पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष के निवास पर कथित हमले की कोशिश की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
इसके अलावा नेताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने मांग की कि परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की फीस वापस की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
इस अवसर पर डॉ. एम. एल. रंगा, दीवान सिंह चौहान, हरीश सैनी, शकुंतला भांडोरिया, नीलम भगवाड़िया, विनोद गोला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

