चंडीगढ़। हरियाणा में बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन को और धार देने की तैयारी शुरू कर दी है। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने पार्टी के युवा संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाया जाएगा और सरकार से जवाबदेही तय होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में बेरोजगारी, महंगाई और सरकार की नीतियों को लेकर युवाओं के बीच पहुंच बढ़ाने तथा इन मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाने की रणनीति पर मंथन किया गया।

संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा के युवाओं के सामने रोजगार और भविष्य से जुड़े गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को संगठन के साथ जोड़ें और स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं को सामने लाएं। उनका कहना था कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है।

कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि संगठन को केवल जिला या विधानसभा स्तर तक सीमित रखने के बजाय बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए। गांवों और वार्डों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर पार्टी के जनसंघर्ष को व्यापक रूप देने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसी दबाव से डरने की जरूरत नहीं है। जनता के अधिकार, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर पार्टी अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। बेरोजगारी और अन्य जनहित के सवालों पर सरकार से जवाब मांगना कांग्रेस के आंदोलन का प्रमुख हिस्सा रहेगा।

बैठक में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु, AICC के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सत्यवान गहलोत, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सौमिल सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संजय दत्त ने हरियाणा के युवाओं से अपील की कि वे अपने गांव, वार्ड और बूथ तक पहुंचकर साथियों को संगठन से जोड़ें और रोजगार समेत युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को संगठित होकर अपने अधिकारों और भविष्य के सवालों पर सरकार से जवाब मांगने के लिए आगे आना होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m