राकेश कथूरिया,कैथल। जिले की चारों विधानसभा सीटों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संवाद बैठक में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पहुंचे। इस दौरान संजय दत्त ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के संगठनात्मक अनुभव और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला की जमकर तारीफ की।

रणदीप सुरजेवाला के नेतृत्व की सराहना
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कैथल के लिए यह गर्व की बात है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला का मार्गदर्शन और नेतृत्व जिले के कार्यकर्ताओं को मिला है।
उन्होंने कहा कि उन्हें रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ मध्य प्रदेश में सह प्रभारी के तौर पर काम करने का मौका मिला। संजय दत्त ने कहा कि सुरजेवाला की संगठन पर मजबूत पकड़ है। वे हर मुद्दे को बारीकी से समझते हैं और उसे सटीक व बेबाक तरीके से उठाते हैं।
संजय दत्त बोले- उनसे संगठन चलाना सीख सकते हैं
संजय दत्त ने रणदीप सिंह सुरजेवाला की वक्तृत्व क्षमता की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब सुरजेवाला बोलते हैं तो ऐसा लगता है कि साक्षात माता सरस्वती उनके कंठ पर विराजमान हों।
उन्होंने कहा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला के संगठन को मजबूत करने के अनुभव से हरियाणा और कैथल जिले में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला की भी तारीफ
संवाद बैठक के दौरान प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और संगठन को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
हरियाणा की 90 विधानसभाओं में बड़ी बैठक के आयोजन पर बधाई
कैथल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद बैठक में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मौजूद रहे। इस दौरान संजय दत्त ने बैठक के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से कैथल में इतनी बड़ी बैठक का सफल आयोजन संगठन की सक्रियता को दिखाता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
