दीपक भारद्धाज, पलवल। हरियाणा में होने वाले आगामी एसआईआर (SIR) यानी ‘स्टेट इलेक्शन रोल’ के विशेष अभियान को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है. एसआईआर का सीधा मतलब होता है राज्य की मतदाता सूची, जिसमें नए वोट जोड़े जाते हैं और पुराने या फर्जी वोटों को हटाया जाता है. इसी सिलसिले में पलवल जिले की होडल विधानसभा में कांग्रेस की तरफ से एक विशेष ‘बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर’ का आयोजन किया गया. इस ट्रेनिंग प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को मतदाता सूची के काम में सतर्क रहने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश देना था.
बीजेपी ने चुनाव आयोग से मिलकर बंगाल और बिहार में हथियाई सत्ता
कार्यक्रम का संयोजन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी सदस्य देवेश कुमार ने किया. इस मौके पर फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के एसआईआर प्रभारी और पूर्व मंत्री करण दलाल, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान और जिला अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना विशेष रूप से मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान करण दलाल और चौधरी उदयभान ने भाजपा सरकार पर जमकर सियासी तीर चलाए. करण दलाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने एसआईआर के माध्यम से हमेशा विपक्षियों के सही वोटों को गलत तरीके से काटने का काम किया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव आयोग से मिलीभगत करके बंगाल, बिहार और अन्य राज्यों में सत्ता हथियाने का खेल खेला है.
सही वोट कटने न पाए और गलत वोट बनने न पाए: करण दलाल
पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस हमेशा देश के संविधान को मानने वाली पार्टी रही है. हम चाहते हैं कि राज्य में निष्पक्ष तरीके से मतदाता सूची का काम हो, लेकिन हमारी टीम को यह नजर रखनी होगी कि किसी भी असली वोटर का नाम न कटने पाए और कोई भी फर्जी या गलत वोट नया न बनने पाए. सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज इस राज में किसान, मजदूर और कर्मचारी समेत हर वर्ग परेशान है. महंगाई लगातार बढ़ रही है, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं. किसानों को न तो अपनी फसलों का सही दाम मिल रहा है और न ही समय पर खाद-बीज उपलब्ध हो पा रहा है.
अपनी ही पार्टी के बागी विधायक और बीजेपी की ‘नकली रामायण’ पर साधा निशाना
करण दलाल ने मंच से सिर्फ बीजेपी पर ही नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी के हथीन से मौजूदा बागी विधायक मोहम्मद इसराइल पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पैसे के लालच में आकर हथीन के विधायक ने वहां की जनता के भरोसे का कत्ल किया है और उन्हें अपमानित करने का काम किया है. इसके बाद उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित पवित्र रामायण को बदलकर अपनी एक ‘नकली रामायण’ लिख ली है. इनकी रामायण का पहला मंत्र है- ‘राम नाम जपना, पराया माल अपना’ और दूसरा मंत्र है- ‘वोटों की चोरी कैसे करनी है, मशीनों से छेड़छाड़ कैसे करनी है और विधायकों-सांसदों को कैसे खरीदना है.’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि हरियाणा में बीजेपी के इन मंसूबों को हर हाल में नाकाम करना है.

