गुरुग्राम। मानेसर नगर निगम क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर चल रहा गतिरोध फिलहाल समाप्त हो गया है। सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार से नियमित रूप से कार्य पर लौटने की सहमति दे दी है।

सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे सफाई कर्मचारियों से बातचीत करते हुए प्रवीन यादव ने कहा कि कर्मचारियों को सभी वैधानिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ईएसआई, पीएफ और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नियमित रूप से दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अगले महीने से सभी कर्मचारियों का वेतन हर माह की 10 तारीख तक उनके बैंक खातों में जमा कराया जाएगा। साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतनमान के अनुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रवीन यादव ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम व्यवस्था की रीढ़ हैं और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए उनके अधिकारों और हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।

आश्वासन के बाद कर्मचारियों की उम्मीद जगी
यूनियन पदाधिकारी गौरव टांक ने कहा कि सीनियर डिप्टी मेयर के सकारात्मक रुख और आश्वासन के बाद कर्मचारियों को उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का समाधान होगा। शहरहित को प्राथमिकता देते हुए कर्मचारियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया है।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में वेतन और सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो।