अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. चंदौली पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. थाना मुगलसराय और स्वॉट सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 31 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है.

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को थाना मुगलसराय और स्वॉट/सर्विलांस टीम चकिया तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक Hyundai Santro कार में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है. पुलिस ने कार संख्या OR02 AK 8591 को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखकर चालक कार लेकर भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.

इसे भी पढ़ें : दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी… गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

बिहार का तस्कर गिरफ्तार, 17 पैकेट बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अतहर फारुकी (28 वर्ष) पुत्र सुल्तान फारुकी, निवासी बरेज, पोस्ट बेलौड़ी, थाना मोहनिया, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। कार की तलाशी में 17 पैकेटों में कुल 31 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह बिहार से गांजा लाकर वाराणसी और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था. बरामद खेप भी बिक्री के लिए वाराणसी ले जाई जा रही थी. आरोपी इस धंधे से मोटा मुनाफा कमाता था. थाना मुगलसराय में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस आरोपी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है.