Bihar Constable Recruitment Exam: बिहार में 4,128 पदों के लिए आज रविवार (14 जून) को सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा होने जा रही है। मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता विभाग के लिए हो रही सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन की ओर से राज्यभर में आयोजित इस परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। वहीं, इसके अवाला परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन जांच की जाएगी।
बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद मिलेगी एंट्री
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग की जाएगी। इसके अलावा पहचान सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा। सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे फर्जी परीक्षार्थियों और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगेगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों की हर गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर प्रतिबंधित
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि यदि किसी केंद्र पर प्रतिबंधित सामग्री मिलने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। इसके साथ ही जिस अभ्यर्थि के पास से प्रतिबंधित समाग्री मिलती है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा केंद्र पर वे केवल प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज ही अपने साथ लेकर आएं।
दो पालियों में होनी है परीक्षा
प्रशासन ने सिपाही भर्ती की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। दो पालियों में हो रही परीक्षा के लिए समय निर्धारित किया गया है। पहले शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर 12 बजे तक चलेगी। वहीं, दूसरे शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी। उम्मीदवारों को पेपर देने के लिए तय समय से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। उसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर भारी बवाल: अभ्यर्थियों ने पुलिस और RPF पर चलाए पत्थर, IG समेत कई घायल

