कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। शो के लेटेस्ट एपिसोड में कश्मीरी पंडितों और बिहारियों को लेकर की गई कथित टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले पर बीजेपी विधायक राम कदम ने कड़ी आपत्ति जताते हुए समय रैना से देश से माफी मांगने की मांग की है।

कश्मीरी पंडितों पर टिप्पणी से नाराज राम कदम

राम कदम ने समय रैना के कथित बयान की निंदा करते हुए कहा कि कश्मीरी पंडित इस देश का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्होंने आतंकवाद तथा पाकिस्तान-आईएसआई की साजिश के चलते अपना घर-बार छोड़कर विस्थापन का दर्द झेला है।

उन्होंने कहा कि जिस समुदाय ने लंबे समय तक दर्द और अत्याचार सहा है, उसके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। राम कदम ने मांग की कि ऐसी टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को देश से माफी मांगनी चाहिए।

‘पब्लिसिटी के लिए समुदायों को टारगेट करना गलत’

बीजेपी विधायक ने कहा कि कलाकार की प्रतिभा का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन कला के नाम पर किसी की श्रद्धा, भावना या आस्था को आहत करने की सीमा पार नहीं की जानी चाहिए।

राम कदम ने आरोप लगाया कि कुछ कलाकार जानबूझकर पब्लिसिटी हासिल करने के लिए लोगों या समुदायों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कश्मीरी पंडितों और बिहारियों का मजाक क्यों उड़ाया गया।

लेटेस्ट एपिसोड में क्या हुआ?

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का एपिसोड 5, 28 अगस्त को स्ट्रीम हुआ। इसमें कॉमेडियन शैरन वर्मा भी पैनल का हिस्सा थीं। रोस्टिंग के दौरान समय रैना ने शैरन के बिहार से होने को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी की। इसके जवाब में शैरन ने समय के कश्मीरी पंडित होने का संदर्भ देते हुए कहा कि उन्होंने कम से कम अपना राज्य अपनी मर्जी से छोड़ा।

दोनों के बीच हुई बातचीत के कुछ वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हैं। इन्हीं टिप्पणियों को लेकर अब समय रैना और ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m