पैकेज्ड और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड खाने वालों के लिए बड़ी खबर है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने सुप्रीम कोर्ट में ज्यादा नमक, चीनी और फैट वाले खाद्य उत्पादों पर फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव पेश किया है। इसके तहत तय सीमा से ज्यादा पोषक तत्व वाले प्रोडक्ट के पैकेट के सामने लाल रंग का षटकोण (Hexagon) लगाया जाएगा, ताकि ग्राहक खरीदारी के समय ही संभावित स्वास्थ्य जोखिम समझ सकें।

दो चरणों में लागू होगा प्रस्ताव

FSSAI ने इस व्यवस्था को दो फेज में लागू करने का प्रस्ताव दिया है। पहले चरण में उन प्रोडक्ट्स पर चेतावनी लेबल लगाया जाएगा, जिनमें फैट, शुगर या साल्ट में से दो या उससे ज्यादा चीजें तय सीमा से अधिक होंगी। इसमें अधिक मीठे कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगे।

दूसरे चरण में ऐसे उत्पाद भी इस नियम के दायरे में आएंगे, जिनमें इनमें से कोई एक पोषक तत्व तय सीमा से अधिक होगा। इससे इंडस्ट्री को अपने उत्पादों की संरचना में बदलाव करने का समय मिलेगा।

ICMR-NIN की गाइडलाइंस होंगी आधार

किस खाद्य उत्पाद को High Fat, Sugar and Salt (HFSS) श्रेणी में रखा जाएगा, इसका निर्धारण ICMR-NIN की ‘Dietary Guidelines for Indians, 2024’ में दिए मानकों के आधार पर करने का प्रस्ताव है।

कुछ सिंगल-इंग्रीडिएंट और प्राकृतिक रूप से नमक, चीनी या फैट वाले उत्पादों को इस चेतावनी से छूट देने का प्रस्ताव है। इनमें घी, खाद्य तेल, नमक, चीनी, गुड़ और शहद शामिल हैं।

बच्चों और संवेदनशील वर्गों को होगा फायदा

FSSAI के मुताबिक, आसान और स्पष्ट चेतावनी लेबल से उपभोक्ताओं को स्वस्थ भोजन चुनने में मदद मिलेगी। इसका खास फायदा बच्चों और समाज के संवेदनशील वर्गों को हो सकता है, जो अनजाने में ज्यादा HFSS फूड का सेवन कर लेते हैं।

क्या है Front-of-Pack Labelling?

फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग (FOPL) पैकेट के सामने दी जाने वाली आसान पोषण संबंधी जानकारी है। इसका उद्देश्य पीछे लिखी जटिल न्यूट्रिशन टेबल पढ़े बिना ग्राहक को यह समझाना है कि किसी प्रोडक्ट में शुगर, नमक और फैट कितना है और उसका स्वास्थ्य पर संभावित असर क्या हो सकता है।

सुप्रीम कोर्ट में यह प्रस्ताव 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी की जनहित याचिका के बाद सामने आया है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने FSSAI से नियम बनाने में हो रही देरी पर सवाल उठाए थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m