शब्बीर अहमद, भोपाल/अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में नाबालिग लड़कियों के कथित धर्मांतरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। भोपाल की जस्सी किन्नर को इस मामले में अहम भूमिका बताते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जस्सी किन्नर, जो सिख समुदाय से ताल्लुक रखता है और भोपाल के कमला नगर इलाके की गंदी बस्ती का रहने वाला है,उस पर नाबालिग लड़कियों पर बुर्का पहनाने और उन्हें मुस्लिम युवकों से दोस्ती कराने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि मामले में उसके पास मजबूत तकनीकी साक्ष्य मौजूद हैं।
READ MORE: स्कूल से घर लौट रही 8वीं की छात्रा से दुष्कर्म: तालाब के पास घर में बेसुध हालत मिली बच्ची, निगरानीशुदा बदमाश समेत दो आरोपी गिरफ्तार
अशोकनगर पुलिस ने जस्सी किन्नर को भोपाल से गिरफ्तार कर अशोकनगर लाया है। वर्तमान में थाने में उससे गहन पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा आरोपी अलतमश को भी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अशोकनगर एसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि अन्य तीन मुस्लिम युवकों की तलाश जारी है। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित कर दिया है। एसपी ने कहा कि पूरे मामले में कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है, इसलिए पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला ?
अशोकनगर जिले की एक किशोरी, जो भोपाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी, अचानक अपने घर पहुंची और परिवार को बताया कि उसने शादी कर ली है और धर्म परिवर्तन कर लिया है। इस जानकारी से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पीड़ित नाबालिग लड़कियों के परिजनों ने आशंका जताई है कि यह एक सुव्यवस्थित जाल था। जस्सी किन्नर ने सुरक्षा का हवाला देकर नाबालिग लड़कियों को बुर्का पहनाया और मुस्लिम युवकों से उनकी दोस्ती कराई। आरोप है कि इन युवकों ने नाबालिग लड़कियों और उनकी सहेलियों को शिकार बनाया। पुलिस ने इस मामले में विशेष टीम गठित कर दी है। एसपी राजीव मिश्रा ने स्पष्ट कहा है कि “जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

