राजेश वर्मा ,नारायणगढ़। विधानसभा क्षेत्र नारायणगढ़ की निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम शिवजीत भारती ने नागरिकों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और पूरी तरह अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।
एसडीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा के निर्देशानुसार यह अभियान 15 जून 2026 से शुरू हो चुका है। अभियान के तहत 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और एसआईआर फॉर्म भरवाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या किसी त्रुटि के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
22 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
एसडीएम शिवजीत भारती ने बताया कि 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक नोटिस, सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
ऐसे करें अपने नाम की जांच
उन्होंने बताया कि नागरिक अपने नाम की जांच बीएलओ के पास उपलब्ध ड्राफ्ट मतदाता सूची में कर सकते हैं। इसके अलावा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप, मतदाता सेवा पोर्टल तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा एवं जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट के माध्यम से भी नाम की पुष्टि की जा सकती है।
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निर्धारित प्रपत्र भरकर बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
एसडीएम ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में भाग लेकर यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही और अद्यतन रूप में दर्ज हो। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

