शशिकांत डिक्सेना, कटघोरा। कोरबा जिले की कटघोरा नगर पालिका परिषद में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में निर्मित ‘अटल परिसर’ और वहां स्थापित प्रतिमा में कथित धांधली को लेकर सियासी बवाल मचा हुआ है। ब्रॉन्ज (कांस्य) की जगह सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। साथ ही CMO को हटाने की मांग पर अड़ा हुआ है। इस बीच नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने कार्रवाई करते हुए उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को निलंबित कर दिया है।

ब्रॉन्ज की जगह सीमेंट की प्रतिमा लगाने का आरोप, बारिश में खुली पोल
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को सहेजने के लिए निकायों में अटल परिसर निर्माण योजना शुरू की गई थी। निर्धारित मापदंडों के अनुसार कटघोरा में भी ब्रॉन्ज (कांस्य) की प्रतिमा स्थापित की जानी थी। हालांकि, हाल ही में हुई बारिश के बाद प्रतिमा से पेंट उखड़ने लगा, जिससे सीमेंट और अन्य घटिया सामग्री की पोल खुल गई। स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बाद जब क्षेत्रीय अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे, तो उन्होंने निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं स्वीकार कीं और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जांच में अनियमितता पाए जाने पर उप अभियंता निलंबित
संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर ने उप अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर के पत्र क्रमांक 1087 दिनांक 29 जुलाई 2026 से प्राप्त जांच प्रतिवेदन में कटघोरा के अटल परिसर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण कार्य को प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत पाया गया। जांच में प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने, लगातार क्षतिग्रस्त होने और कांस्य प्रतिमा के मानकों के अनुरूप नहीं होने की बात सामने आई। आदेश में कहा गया है कि निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई अनियमितताओं के लिए तत्कालीन पदस्थ उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल जिम्मेदार पाए गए हैं। उनका यह कृत्य पदीय कर्तव्यों के विपरीत माना गया है।

छत्तीसगढ़ नगर पालिका कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा शर्तें) नियम, 1968 के नियम 53 के तहत चंद्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर को लिखा था पत्र
मामले को लेकर भाजपा के कोरबा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की थी। 29 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा कि समाचार माध्यमों और जनचर्चा के माध्यम से यह जानकारी सामने आई है कि ब्रॉन्ज प्रतिमा के निर्माण एवं स्थापना कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि ब्रॉन्ज प्रतिमा के स्थान पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री या कंक्रीट का उपयोग किया गया, जबकि भुगतान ब्रॉन्ज प्रतिमा के नाम पर किया गया। इससे लगभग 13.60 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता होने की आशंका जताई गई है।

उन्होंने मांग की है कि यदि यह आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी, कर्मचारी या ठेकेदार सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का साहस न कर सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


