वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के गिरियक प्रखंड क्षेत्र में आज बुधवार (17 जून) को हुए एक दर्दनाक हादसे में मजदूर दंपति की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब ईंट भट्टे से मजदूरी कर लौट रहे लोगों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक करंट दौड़ गया।
भट्टे पर काम कर गांव लौट रहे थे मजदूर
मृतकों की पहचान घोषरावा गांव निवासी रूदल मांझी (50) और उनकी पत्नी फूलो देवी (45) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों ईंट भट्टे पर काम कर अपने गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में लदी एक साइकिल का हैंडल सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली तार से टकरा गया। तार काफी नीचे लटका हुआ था। संपर्क होते ही बस में करंट फैल गया और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
जान बचाने के लिए कई यात्री बस से कूद पड़े, जबकि कुछ करंट की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर पावापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान, पावापुरी में भर्ती कराया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- ससुराल आए युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, फंदे के सहारे लटका मिला शव

