वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के खपुरा गांव में 42 वर्षीय बब्लू बिंद की संदिग्ध मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के बल्लू पर गांव के निवासी थे। सूचना मिलने पर नगरनौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।

फंदे से लटका हुआ मिला शव

परिजनों के अनुसार बब्लू बिंद अपनी पत्नी के साथ गुजरात के सूरत में मजदूरी करते थे और 14 जून को घर लौटे थे। इसके बाद वे अपने ससुराल खपुरा गांव पहुंचे थे। बताया जाता है कि वहां पहुंचने के बाद वे काफी शांत और परेशान दिख रहे थे। देर रात परिजनों ने उन्हें कमरे में मृत पाया। उनका शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ, जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

मृतक के परिजनों ने बब्लू बिंद की मौत के पीछे पारिवारिक और मानसिक तनाव की बात कही है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि मिश्रा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- पिस्तौल की नोक पर ‘सम्राट’ की पुलिस, आरा में बदमाश ने 20 मिनट तक थानेदार और टीम को धमकाया