Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक तरफ बिहार से अपराधियों का खात्मा करने की चेतावनी दे रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर बेखौफ अपराधी लगातार लूट, हत्या, छिनतई जैसे घटनाओं को अंजाम देकर सरकार और प्रशासन को ठेंगा दिखाने का काम कर रहे हैं। ताजा मामला आरा से सामने आया है, जहां एक बेखौफ बदमाश खुलेआम ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तानते हुए उन्हें धमकाता हुआ नजर आ रहा है।
पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तानते दिखा शख्स
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौंटी गांव का बताया जा रहा है। वहीं, बदमाश युवक जो पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तानते हुए दिखाई दे रहा है उसकी पहचान भरत तिवारी के रूप में हुई है, जो सीधे तौर पर कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी उसके सामने बेबस नजर आ रहे हैं। हालांकि कुछ पुलिसकर्मी भी अपने हाथों में पिस्टल लिए हुए नजर आ रहे हैं।
मूकदर्शक बनकर रह गई पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की एक टीम उक्त युवक को किसी मामले में पकड़ने के लिए पहुंची थी। युवक और मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच कुछ बातचीत होती भी नजर आ रही है। इस बीच अचानक युवक पिस्तल तानते हुए थानेदार और पुलिसकर्मियों को अपनी धौंस दिखाने लगता है। इस दौरान वह पुलिसकर्मियों को गाली देता हुआ भी नजर आ रहा है।
जबिक पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस पूरी तरह से मूकदर्शक बनी हुई नजर आई। इस बीच एक महिला भी सामने आती है, जो युवक को ऐसा करने से रोकने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रही है। मिली जानकारी के अनुसार करीब 20 मिनट तक युवक पुलिस कर्मियों को पिस्तौल की नोक पर धमकाता रहा। अंत में पुलिस बिना गिरफ्तार किए खाली हाथ वापस थाने लौट गई। हालांकि लल्लूराम डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पहले भी बिहार पुलिस पर उठ चुके हैं सवाल
फिलहाल वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर लोग पुलिस प्रशासन और राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। गौरतलब है कि यह पहला ऐसा मामला नहीं है कि लोग पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं। इससे पहले पटना पुलिस पर भी उस समय कई सवाल उठे थे, जब एक मामले में पटना पुलिस मोकामा में मोनू सिंह के आवास पर छापेमारी करने पहुंची थी। उस समय मोनू सिंह के घर के बाहर कुछ युवक पुलिसकर्मियों की तलाशी लेते हुए नजर आए थे।
ये भी पढ़ें- बिहार में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी को लगी गोली

