Bihar Police Encounter: बिहार में एक बार फिर से अपराधी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले का है, जहां मुसहरी थाना क्षेत्र में भटौलिया पुल के पास देर रात हुए मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस की अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।

वाहन जांच के दौरान हुई मुठभेड़

दरअसल जिले में पुलिस टीम भटौलिया पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया। लेकिन उक्त वाहन चालक ने रुकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से संदिग्ध व्यक्ति घायल होकर गिर पड़ा।

हत्याकांड मामले में वांछित था आरोपी

गोली बदमाश के पैर में लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान हत्याकांड मामले में वांछित आरोपी अमित कुमार सिंह के रूप में हुई, जो वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र का निवासी है। हत्याकांड मामले में पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

इस मुठभेड़ को लेकर पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अमित कुमार सिंह पर हत्या से जुड़े मामले का आरोपी है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्याकांड मामले में अमित कुमार सिंह के साथ कोई और शामिल था या फिर उसने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया था।

कल गयाजी में हुई थी मुठभेड़

बता दें कि कल बिहार के गयाजी में भी पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में जिले में हुए 45 लाख के ज्वेलरी शॉप लूटकांड के दोनों अपराधियों को गोली लगी थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने इनके पास से लूटे हुए सोने के आभूषण को भी बरामद कर लिया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: मानसून की दस्तक के बीच 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी, जानें ताजा अपडेट