​दारौंदा (सीवान): भाकपा माले ने दारौंदा प्रखंड क्षेत्र में एक सशक्त विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। जिलेबिया गली से शुरू हुआ यह आक्रोश मार्च अंचल कार्यालय तक पहुंचा जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और स्थानीय स्तर पर जल निकासी की गंभीर समस्याओं को लेकर प्रशासन को कड़े अल्टीमेटम दिए।

​जल निकासी का संकट और किसानों की चिंता

​प्रदर्शन के दौरान भाकपा माले जिला कमेटी के नेता रामायण यादव ने स्थानीय समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मिल्की, हडसर (पूर्वी व पश्चिमी) के जल निकासी का एकमात्र सहारा एनएच-531 पर स्थित पुल है। आरोप है कि कुछ कबाड़ी और एल्युमीनियम दुकानदारों ने अवैध कब्जा कर इसे अवरुद्ध कर दिया है। यादव ने प्रशासन से मांग की कि इन दुकानों को अविलंब हटाया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल निकासी का रास्ता साफ नहीं हुआ, तो आने वाले मानसून में किसानों की गेहूं और धान की फसलें डूब जाएंगी, जिससे क्षेत्र में भुखमरी का खतरा उत्पन्न हो जाएगा।

​’पेपर लीक’ और महंगाई पर तीखा हमला

​सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले राज्य कमेटी के सदस्य जयशंकर पंडित ने मोदी सरकार पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश में व्याप्त महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, जहां डीजल के दाम 100 रुपये के पार पहुंच चुके हैं। श्री पंडित ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आज हर प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है, जिससे मेधावी युवाओं का भविष्य अंधकारमय है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि युवाओं को स्थायी रोजगार देने के बजाय केवल ठेके पर काम करने को मजबूर किया जा रहा है।

​गाय-गोबर की राजनीति पर तंज

​जयशंकर पंडित ने कहा कि सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों महंगाई और बेरोजगारी से ध्यान भटकाने के लिए गाय और गोबर जैसे विषयों में उलझी रहती है। इसके अतिरिक्त, प्रदर्शन में झोर और चिंतामणपुर के बीच चल रहे पुल निर्माण की धीमी गति पर भी रोष जताया गया। एक साल से निर्माणाधीन इस पुल के कार्य को पूरा होने में अभी और एक साल लगने की संभावना है। पार्टी ने मांग की कि निर्माणाधीन सड़क में अस्थायी रूप से पाइप लगाकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और झोर की तत्काल सफाई हो।
​इस विरोध प्रदर्शन में अरविंद प्रसाद, विनोद शर्मा, रमेश शर्मा, मदन राम, छोटू यादव, इजरायल हक, हामिद अंसारी, फेंकू मियां, दिनेश राम, रीता देवी, ऊषा देवी, किस्मती देवी और सोहिल देवी सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।