पटना। राजधानी के दानापुर इलाके में 31 मई की रात हुई गैस वेंडर इंदल कुमार की सनसनीखेज हत्या का मामला सुलझ गया है। नासरीगंज बिस्कुट फैक्ट्री मोड़ के पास हुई इस वारदात को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या प्रेम प्रसंग और वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम निकली।
क्या था पूरा मामला?
31 मई की रात गैस वेंडर इंदल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन्हें तीन गोलियां मारी थीं एक सीने में दूसरी पसली में और तीसरी बाएं हाथ में। घटना के बाद मृतक के भाई संजीत कुमार ने आलोक कुमार उर्फ बप्पी और उसके भाई विश्वजीत कुमार उर्फ छोटू के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई थी।
पुलिस की कार्रवाई और खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर दबिश दी और 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी आलोक कुमार उर्फ बप्पी और उसके भाई विश्वजीत कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा, एक बाइक और एक मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मास्टरमाइंड आलोक उर्फ बप्पी और मृतक इंदल कुमार के बीच एक महिला को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। महिला का पति 6 साल पहले चल बसा था, जिसके बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। आरोपी आलोक महिला के घर के बगल में ही किराए पर रहता था, जहां से दोनों का संपर्क बढ़ा।
समय के साथ महिला ने आलोक से दूरी बना ली थी जिससे उसे शक था कि वह अब इंदल के साथ अफेयर में है। इसी आक्रोश में आकर आलोक ने अपने भाई के साथ मिलकर इंदल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस अब इस मामले में छोटू की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

