Bihar Crime: बिहार के औरंगाबाद से दिल को दहला देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां आज शुक्रवार (27 मार्च) को एक सनकी युवक ने अपने ही सगे तीन भतीजे और भतीजियों की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव की है। वारदात के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

शादी को लेकर तनाव में रहता था आरोपी

मृतकों की पहचान 10 वर्षीय अनीश, 7 वर्षीय आयुषी और महज 5 साल की मासूम अनुष्का के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी चाचा की पहचान अमंत पाल के रूप में हुई है। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि अमंत पाल अविवाहित है और घर में शादी की बात को लेकर तनाव में रहता था। इस बीच आज शुक्रवार की सुबह वह जब घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर उसकी भाभी स्नान कर रही थीं। इस दौरान दरवाजा खोलने में थोड़ी देरी क्या हुई, उसने गुस्से में आकर हैवानियत की सभी हदें पार कर दी।

कमरे में बंद कर काटा गला

उसने तीनों बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया और उनकी आवाज बाहर न आए, इसके लिए उसने कमरे में म्यूजिक सिस्टम का आवाज फुल कर दिया। इसके बाद उसने कटर मशीन से एक-एक कर तीनों बच्चों का गला काट दिया। जब बच्चों की मां को अनहोनी का अहसास हुआ और उन्होंने शोर मचाया। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीण जब तक दूसरे रास्ते रूम में घुसते तब तक सभी बच्चों की मौत हो चुकी थी।

आरोपी ने आत्महत्या का भी किया प्रयास

बच्चों की हत्या करने के बाद आरोपी ने भी उसी कटर मशीन से खुद का भी गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस और ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में पाया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। घटना के समय घर पर बच्चों के पिता मौजूद नहीं थे।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। ऐसे में अब आगे यह देखने वाली बात होगी की इस केस में क्या कुछ और निकलकर सामने आता है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: रोहतास में शराब बेचने से मना करना युवक को पड़ा भारी, पीट-पीटकर हत्या