दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन व पर्यटन नगरी पचमढ़ी में नाबालिग के साथ हुए कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस टीम गिरफ्तार तीनों आरोपियों को घटनास्थल और उनके ठिकानों पर पैदल ले गई, जहां सीन रिक्रिएशन और शिनाख्त की कार्रवाई पूरी की गई। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कार्रवाई के दौरान स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। बजरंग दल के लोग आरोपियों को गाड़ी से बाहर निकालने की मांग कर रहे थे, जिसको लेकर पुलिस के साथ उनकी तीखी धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। वहीं पचमढ़ी टैक्सी चालक संघ ने इस घटना पर गहरा विरोध जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: कॉलेज में लगे थे देश विरोधी नारे? पुलिस जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
टैक्सी संघ के अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि तीनों आरोपियों का उनके संगठन से कोई संबंध नहीं है। आरोपी टैक्सी संघ की जिप्सियां नहीं चलाते थे, बल्कि होटल में काम करते थे। उन्होंने कहा कि आम लोगों की ओर से आरोपियों को टैक्सी चालक बताना पूरी तरह गलत है।
अध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि इस शर्मनाक घटना से पचमढ़ी की पर्यटन छवि धूमिल हुई है, इसलिए ऐसे अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर साक्ष्य जुटा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


