Bihar Crime: बिहार में बेखौफ बदमाशों का तांडव जारी है। ताजा मामला पश्चिमी चंपारण के बेतिया से सामने आया है, जहां कल सोमवार की देर शाम अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी। गोली लगने स्वर्ण व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए जीएसीएच बेतिया पहुंचे।
सीने में लगी गोली, हालत गंभीर
घायल स्वर्ण व्यवसायी की पहचान 45 वर्षीय गोविंद साह के रूप में हुई है, जो सिरिसिया थाना क्षेत्र स्थित गरभुआ गांव के रहने वाले हैं। घटना के समय वह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान को बंद कर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। इस बीच पहले से घात लगाए बदमाशों ने बीच रास्ते में उन्हें गोली मार दी। गोली उनके सीने में जाकर लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़े।
परिजनों ने अस्पताल में किया जमकर हंगामा
घटना करीब 9 बजे की बताई जा रही है। गोली की आवाज सुनते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय व परिजनों ने गंभीर रूप से घायल गोविंद साह को लेकर जीएमसीएच बेतिया पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर हालत को देखते ही एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की बात कही, जिससे गोली की स्थिति और अंदरूनी चोटों का पता चल सके। हालांकि मरीज का बिगड़ता हालत देख परिजन और ग्रामीण भड़क उठे और अस्पताल परिसर में ही हंगाम करना शुरू कर दिया।
बिना रेफर कराए ले गए मरीज
इस बीच परिजनों ने घायल स्वर्ण व्यवसायी को बिना रेफर कराए ही निजी एंबुलेंस से उन्हें लेकर कहीं और इलाज कराने के लिए लेकर चले गए। इस दौरान करीब आधे घंटे तक अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मिली जानकारी के अनुसार कुछ लोगों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ भी की।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन में जुट गई। अपराधियों की गिरफ्तारी और उनकी पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस ने घटना के संबंध में स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की है। अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी की गोली क्यों मारी? इसे लेकर भी अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
ये भी पढ़ें- NEET-UG पेपर लीक मामले में संजीव मुखिया को बड़ी राहत, कोर्ट ने दिया रिहा करने का आदेश


