प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मोहनिया थाना क्षेत्र के कौड़ीराम गांव के पास कल रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने बगीचे में सो रहे एक युवक को गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति के कारण चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

रोहतास का निवासी है घायल युवक

घायल युवक की पहचान रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी 20 वर्षीय सूर्यवंशी खरवार पिता कमलेश खरवार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पत्नी और परिवार के साथ कौड़ीराम गांव के एक बगीचे में सोया था, तभी हमलावरों ने उसपर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को गोली मारने के बाद अपराधी रात का फायदा उठाते हुए मौके से भाग निकले।

दहशत में इलाके के लोग

वही घायल युवक की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि रात में गोली की आवाज से नींद खुली, तो देखा की पति के शरीर से खून बह रहा था। उन्होंने बताया कि अंधेरा होने के कारण वह हमलावरों की संख्या और पहचान नहीं कर सकी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। फिलहाल घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

घायल युवक बनारस के लिए रेफर

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने घायल को मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहीं आयुष चिकित्सक डॉ. मलय मिश्रा ने बताया कि युवक की स्थिति गंभीर है, हालांकि गोली को निकाल दिया गया है, लेकिन फिर भी बेहतर इलाज के लिए युवक को हायर सेंटर बनारस के लिए रेफर किया गया है।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी

मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी है।

ये भी पढ़ें- तेजस्वी ने CM सम्राट चौधरी को बताया सड़क छाप अपराधी, बोले- छात्रों पर चलवाई AK-47 से गोली