पानीपत। पानीपत जिले के गांव गढ़ सरनाई से एक दुखद खबर सामने आई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में तैनात जवान तेजपाल का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि हृदय गति रुकने के कारण उनकी मौत हुई।

परिजनों के अनुसार तेजपाल हाल ही में छुट्टी बिताकर सोमवार को ही वापस अपनी ड्यूटी पर श्रीनगर लौटे थे। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। साथी जवान उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

जवान का पार्थिव शरीर श्रीनगर से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया है। इसके बाद उनके पैतृक गांव गढ़ सरनाई में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

2001 में हुए थे CRPF में भर्ती

तेजपाल वर्ष 2001 में सीआरपीएफ में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जिम्मेदारियां निभाईं और पूरी निष्ठा के साथ देश सेवा की।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

तेजपाल अपने पीछे तीन बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके दो बच्चे मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने के लिए तैयारी कर रहे हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी में जुटा है।

जैसे ही जवान के निधन की सूचना परिवार और गांववासियों तक पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

नम आंखों से दी जा रही श्रद्धांजलि

ग्रामीणों ने तेजपाल को मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और देशभक्ति की मिसाल बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। गांव के लोगों का कहना है कि तेजपाल ने हमेशा देश सेवा को सर्वोपरि रखा और उनका निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

देश की सुरक्षा में समर्पित एक और जवान के असमय निधन से गांव गढ़ सरनाई ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।