बेंगलुरु के एचएएल स्थित कैपजेमिनी कैंपस के डे-केयर सेंटर में 2-3 साल के मासूम बच्चे के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में महिला स्टाफ द्वारा बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में दिखी दिल दहला देने वाली तस्वीर
वायरल वीडियो में बच्चा टॉयलेट के अंदर बंद होकर जोर-जोर से रोता दिखाई दे रहा है, जबकि एक महिला उसका वीडियो बनाती नजर आती है। एक अन्य वीडियो में बच्चे को टॉयलेट सीट पर बैठाकर उसके चेहरे पर जेट स्प्रे से पानी डाला जा रहा है। वहीं एक और क्लिप में बच्चे को फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाकर डराया जा रहा है, जिससे वह बुरी तरह रोता दिखाई देता है।
पुलिस जांच में जुटी, पांच महिला कर्मचारियों पर केस दर्ज
बेंगलुरु पुलिस के अनुसार, डे-केयर में आने वाले बच्चे कैंपस में कार्यरत आईटी प्रोफेशनल्स के हैं। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो देखकर अभिभावक और प्रशासन दोनों स्तब्ध हैं। फिलहाल पांच महिला कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि डे-केयर का संचालन सीधे कैपजेमिनी कर रही थी या किसी बाहरी एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई थी।
बाल अधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग अपने स्तर पर भी जांच करेगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चों की सुरक्षा में कहां चूक हुई।
वहीं इस पूरे मामले में कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु स्थित ऑन-कैंपस डे-केयर सेंटर को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
क्या होता है डे-केयर सेंटर?
डे-केयर सेंटर ऐसे स्थान होते हैं जहां कामकाजी माता-पिता अपने छोटे बच्चों को कुछ घंटों या पूरे दिन के लिए सुरक्षित देखभाल के उद्देश्य से छोड़ते हैं। यहां बच्चों की सुरक्षा, खान-पान और शुरुआती गतिविधियों का ध्यान रखा जाता है। इस घटना ने डे-केयर सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

