अंबाला पुलिस ने शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कानपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की आवाज में कॉल कर लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

अनिल शर्मा, अंबाला। जिला पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ अपने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शादी कराने के नाम पर देशव्यापी ठगी करने वाले एक शातिर फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए कानपुर से मुख्य संचालक और मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंबाला के दिशा-निर्देशों पर साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर इस गिरोह तक पहुंच बनाई। आरोपी फेसबुक पर ‘रॉयल रिश्ते’ नाम से फर्जी पेज चलाकर लोगों को अपनी बातों के जाल में फंसाते थे। अंबाला के निवासी सुरेश कुमार की शिकायत पर शुरू हुई इस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित से शादी का झांसा देकर कुल 7,14,000 रुपये की ठगी की और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।

‘रॉयल रिश्ते’ पेज से करते थे ठगी

पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी फेसबुक पर ‘रॉयल रिश्ते’ नाम का पेज बनाकर लोगों को लुभाते थे। जो भी यूजर इस पेज को क्लिक या लाइक करता था, उसका डेटा आरोपियों के पास पहुंच जाता था। इसके बाद, गिरोह के सदस्य अलग-अलग नंबरों से कॉल करके पीड़ितों को शादी का प्रलोभन देते थे। शातिरों ने ठगी के लिए हाईटेक इंतजाम किए थे। आरोपी कीपैड फोन का इस्तेमाल ‘महिला की आवाज’ में बात करने के लिए करते थे, ताकि किसी को शक न हो। वहीं, व्हाट्सएप कॉल के लिए एंड्रॉयड स्मार्टफोन का उपयोग किया जाता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 19 कीपैड फोन, 10 एंड्रॉयड फोन और एक टैबलेट बरामद किया है, जिसमें शिकार हुए लोगों का पूरा हिसाब-किताब दर्ज था।

रिमांड के दौरान खुलेंगे कई और राज

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधीर कुमार साहू और तुकेस्वर नंद उर्फ शिवा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के निवासी हैं और कानपुर से अपना नेटवर्क चला रहे थे। अंबाला पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कौन लोग शामिल हैं और इन्होंने अब तक देश भर में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। प्रबंधक थाना उप-निरीक्षक संदीप कुमार ने आमजन से सोशल मीडिया पर संदिग्ध विज्ञापनों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजने की अपील की है, ताकि साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल से खुद को सुरक्षित रखा जा सके।