हेमंत शर्मा, इंदौर। इस वक्त साइबर फ्रॉड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, जिन्हें थलपति विजय के नाम से जाना जाता है, उनके नाम और फाउंडेशन का इस्तेमाल कर साइबर ठग इंदौर के लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल में करीब आधा दर्जन शिकायतें सामने आई हैं। साइबर ठग लोगों को फोन करते हैं और खुद को सीएम विजय के फाउंडेशन से जुड़ा कर्मचारी बताकर मदद का झांसा देते हैं। लोगों से कहा जाता है कि फाउंडेशन की तरफ से उन्हें बिजनेस लोन, एजुकेशन लोन, स्टार्टअप लोन और विदेश में पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
मदद का झांसा… फिर शुरू होता है ठगी का खेल
ठग पहले मोबाइल पर लिंक भेजकर लोगों से रजिस्ट्रेशन करवाते हैं। इसके बाद GST, ऑनलाइन प्रोसेसिंग और दूसरे चार्ज के नाम पर पैसे जमा करवाने के लिए कहा जाता है। इस तरह आर्थिक मदद का लालच देकर अलग-अलग बहानों से लोगों से ऑनलाइन रकम ऐंठने की कोशिश की जा रही है। शिकायतें सामने आने के बाद इंदौर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस फर्जी कॉल करने वाले आरोपियों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में इंदौर पुलिस
मामले को लेकर इंदौर पुलिस लगातार तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में है। सीएम के फाउंडेशन के नाम पर लगातार सामने आ रही साइबर फ्रॉड की शिकायतों और आरोपियों से जुड़ी जानकारी तमिलनाडु पुलिस को भी भेजी जा रही है। दोनों राज्यों की पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस का साइबर अलर्ट
इंदौर पुलिस ने लोगों से साफ अपील की है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री या उनके फाउंडेशन के नाम से आने वाले किसी भी अनजान फोन कॉल पर भरोसा न करें। किसी अनजान लिंक को क्लिक न करें और अपनी बैंक डिटेल, OTP या निजी जानकारी साझा न करें। साइबर ठग अब बड़े नाम और संस्थाओं की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। नाम बड़ा है तो सावधानी भी बड़ी रखिए। एक गलत क्लिक आपके बैंक खाते पर भारी पड़ सकता है। इंदौर पुलिस इस पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच में जुटी है और ठगों तक पहुंचने के लिए तमाम डिजिटल सुराग खंगाले जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


