रोहतक। रोहतक के डी पार्क क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों व मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से अंतरिम सहायता देने और हुए नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगजनी की घटना में जिन लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ है, सरकार उनके साथ खड़ी है। प्रशासन को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं और प्रभावित लोगों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख को कम नहीं किया जा सकता, लेकिन सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

9 जून को हुआ था हादसा

गौरतलब है कि 9 जून को रोहतक के डी पार्क स्थित जूते और कपड़ों की दुकानों में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी भयावह थी कि 12 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सरकार ने प्रभावित दुकानदारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।