सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा के भितरवार थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक हाईटेक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ताज खान सहित उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने चोरी के माल को ठिकाने लगाने के लिए घर के अंदर सीवेज पाइपलाइन के भीतर सोने-चांदी के आभूषण छिपा रखे थे। पुलिस ने सीवेज पाइप को खोलकर करीब 12 लाख रुपये कीमत के आभूषण बरामद कर लिए हैं।

ये भी पढ़ें: नियुक्ति के बदले मांगी घूस: 30 हजार की रिश्वत लेते परियोजना अधिकारी और सुपरवाइजर गिरफ्तार, लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा

22 अक्टूबर को ज्ञानी भूषण पाठक के घर हुई थी चोरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला भितरवार थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2 का है। बीते 22 अक्टूबर को शहर के प्रबुद्ध नागरिक ज्ञानी भूषण पाठक के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोला था। चोर उनके घर के एक कमरे में रखे संदूक और अलमारी को खंगालकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चुराकर ले गए थे।

सीवेज पाइपलाइन के अंदर छिपाए गए थे 12 लाख के जेवर

मामले की जांच कर रही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जब संदिग्धों की तलाश शुरू की, तो पुलिस के हाथ मुख्य आरोपी ताज खान और उसका एक साथी लग गया। पुलिस ने जब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जब उनके ठिकाने की तलाशी ली, तो पुलिस भी हैरान रह गई। शातिर चोरों ने चोरी किए गए करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों को सीवेज पाइप के अंदर छिपाकर रखा था। पुलिस ने तुरंत प्लंबर की मदद से सीवेज पाइप को खुलवाया और उसके अंदर से छिपाकर रखे गए सभी जेवरात बरामद कर लिए।

ये भी पढ़ें: अंधविश्वास का झांसा देकर 4 लाख के सोने के जेवर ले उड़े बदमाश, मंदिर में संकट दूर करने का दिया था झांसा

अन्य चोरियों के खुलासे की उम्मीद, पूछताछ जारी

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पकड़े जाने से क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों के मामलों का भी खुलासा होने की पूरी संभावना है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और उन्होंने इससे पहले किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m