चंकी बाजपेयी, इंदौर। इंदौर शहर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुसाखेड़ी इलाके में दो ठगों ने घर के संकट दूर करने का झांसा देकर एक महिला को अपना शिकार बनाया और करीब 4 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

इस तरह दिया वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना कल सुबह की है। पीड़िता जब अपने रास्ते जा रही थी, तभी रास्ते में दो अज्ञात युवक उसके पास आए और बातचीत करने लगे। आरोपियों ने महिला को विश्वास दिलाया कि उसके घर के सारे कष्ट और परेशानियां जल्द दूर हो जाएंगे।

इसके बाद ठगों ने महिला को शंकर भगवान के मंदिर चलने और वहां कंकर फेंकने की सलाह दी। महिला उनके झांसे में आकर उनके साथ मंदिर पहुंच गई। मंदिर में प्रवेश करने से ठीक पहले शातिर बदमाशों ने महिला से कहा कि सोने-चांदी के जेवर या मंगलसूत्र पहनकर अंदर नहीं जाते हैं, इसलिए वह अपने सारे आभूषण उन्हें उतारकर सौंप दे।

मंदिर के बाहर से हुए फरार

आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपनी बालियां और मंगलसूत्र एक पोटली में बांधकर उन्हें थमा दिए और मंदिर के अंदर चली गई। लेकिन जब महिला पूजा-पाठ कर वापस लौटी, तो दोनों युवक वहां से गायब मिले। अपने साथ हुई इस ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने तुरंत आजाद नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस का बयान

मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें बदमाशों के चेहरे भी कैद हुए हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m