सतीश दुबे, डबरा। ग्वालियर ग्रामीण भारतीय जनता पार्टी में अंदरूनी कलह और गुटबाजी एक बार फिर सरेआम उजागर हो गई है। अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाली सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी आज फिर से चर्चा में आ गईं। अवसर था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में डबरा के एक निजी गार्डन में आयोजित ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ का। कार्यक्रम के मुख्य बैनर से अपनी तस्वीर नदारद पाकर इमरती देवी इस कदर नाराज हुईं कि उन्होंने मंच पर जाने से साफ इनकार कर दिया और आम कार्यकर्ताओं के साथ नीचे सोफे पर जाकर बैठ गईं।
सांसद ने कई बार बुलाया, इमरती बोलीं- ‘मैं तो बस कार्यकर्ता हूं’
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह और फिल्म गायक साधु तिवारी मौजूद थे। मंच पर जगह न मिलने और फोटो गायब रहने से आहत इमरती देवी को सांसद भारत सिंह ने कई बार मंच पर आने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने जाने से मना कर दिया। मीडिया से चर्चा करते हुए इमरती देवी ने तल्ख लहजे में कहा कि मैं भाजपा की कोई पदाधिकारी नहीं हूं जो मंच पर जाऊं। मैं तो सिर्फ एक कार्यकर्ता हूँ और कार्यकर्ताओं के बीच ही बैठी हूं।
‘मंच पर तो हत्या करने वाले बैठे हैं’
इमरती देवी यहीं नहीं रुकीं उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जो जिस हैसियत का है वह उस हैसियत से अपने स्थान पर बैठा है। मंच पर तो हत्या करने वाले भी बैठे हैं। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि उनका यह तीखा इशारा डबरा नगरपालिका अध्यक्ष लक्ष्मी देवी के बेटे जीतू राजा की तरफ था जो अतीत में ऐसे ही एक आपराधिक मामले में आरोपी रह चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इमरती देवी और नगरपालिका अध्यक्ष परिवार के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है।
‘इमरती अपनी मर्जी की राजा है, समय सबका आता है…’
अपनी उपेक्षा से नाराज इमरती देवी ने आगे कहा कि वह पार्टी की सच्ची कार्यकर्ता हैं और ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के साथ खड़ी हैं। जब उनसे पूछा गया कि सांसद उन्हें बुला रहे थे, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया कि इमरती देवी अपनी मर्जी की राजा है, जहां जाना होगा वहां जाएगी। समय सबका आता है, पहले किसी और का था वो खत्म हुआ, अब दूसरे का भी खत्म हुआ, जब तीसरे का समय आएगा तब पता चलेगा।
तीन गुटों में बंटी ग्वालियर ग्रामीण बीजेपी, सांसद बोले- ‘व्यक्तिगत नाराजगी होगी’
इस पूरे वाकये पर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने सफाई देते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि वे किस बात से नाराज हैं। उनका कोई व्यक्तिगत विषय हो सकता है, इसके बारे में संगठन के लोग ही बता पाएंगे। मैंने उन्हें मंच पर सादर आमंत्रित किया था।
आपको बता दें कि ग्वालियर ग्रामीण क्षेत्र में बीजेपी मुख्य रूप से तीन गुटों यानि पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, सांसद भारत सिंह कुशवाह और पूर्व मंत्री इमरती देवी में बंटी नजर आती है। इमरती देवी लगातार पार्टी में अपनी उपेक्षा का आरोप लगाती रही हैं और उनके इस नए बयान से प्रदेश संगठन की चिंताएं बढ़ना तय है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



