सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा में अपराधियों और दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे मासूम स्कूली बच्चों को निशाना बनाने से भी नहीं कतरा रहे हैं। शुक्रवार सुबह टेकनपुर स्थित ग्लोरी स्कूल की बस पर कार सवार दबंगों ने बीच सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिस वक्त यह खौफनाक वारदात हुई, उस समय बस में करीब 50 मासूम बच्चे सवार थे। आरोपियों ने बस चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की और कट्टे से 4 फायर झोंक दिए, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ये भी पढ़ें: मासूम बच्ची को टक्कर मारने वाला फरार कार चालक गिरफ्तारः 250 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचा
50 मासूमों के सामने कट्टे से दागीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक ग्लोरी स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। पिछोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास बीच सड़क पर एक स्विफ्ट कार खड़ी थी। जब बस चालक खेम सिंह ने कार हटाने को कहा तो कार सवारों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाया। बस चालक ने जब कार को धक्का देकर साइड करने का सुझाव दिया तो दबंग आगबबूला हो गए। आरोपियों ने पहले ड्राइवर खेम सिंह को बस से खींचकर बेदर्दी से पीटा और फिर कट्टा निकालकर 4 राउंड फायरिंग कर दी।
ड्राइवर को लगे छर्रे, प्राथमिक इलाज के बाद ग्वालियर रेफर
फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे लगने से चालक खेम सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बस के अंदर मौजूद करीब 50 मासूम बच्चे गोलियों की आवाज और खूनखराबा देखकर चीखने-चिल्लाने लगे और दहशत से सहम गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें: CHC में बड़ी लापरवाही: अस्पताल की छत और सीढ़ियों पर मिला एक्सपायरी दवाओं का जखीरा
‘गुर्जर’ लिखी स्विफ्ट कार से आए थे आरोपी
वारदात की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए SDOP सौरभ कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों की स्विफ्ट कार पर ‘गुर्जर’ लिखा हुआ था। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दबंगों की धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



