चरखी दादरी की थाना सदर पुलिस ने नाकाबंदी कर एक युवक को 19.67 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।

पुष्पेंद्र कुमार,चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., आईपीएस के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सदर दादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 19.67 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को थाना सदर दादरी में तैनात एएसआई मंजीत अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी पर गांव चरखी बस अड्डा के समीप मौजूद थे।

मुखबिर से मिली सूचना

इसी दौरान उन्हें एक विश्वसनीय सूचना मिली कि गांव चरखी निवासी राहुल उर्फ मिट्ठू अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) बेचने का कार्य करता है तथा वह इलेक्ट्रिक स्कूटी पर नशीला पदार्थ लेकर चरखी से दादरी की ओर आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दादरी-भिवानी रोड स्थित चरखी बिजली पावर हाउस के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद सूचना के मुताबिक हुलिए के अनुसार एक युवक इलेक्ट्रिक स्कूटी पर आता दिखाई दिया।

पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह स्कूटी सहित भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान राहुल उर्फ मिट्ठू निवासी गांव चरखी के रूप में बताई।

तलाशी में बरामद हुआ चिट्टा

ड्यूटी मजिस्ट्रेट उप पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी साहिल ढिल्लो की मौजूदगी में आरोपी तथा उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की पहनी हुई जींस की दाहिनी जेब से काले रंग की पॉलिथीन में दो छोटी पॉलिथीनों में 19.67 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।