धनेश, रेवाड़ी।डहीना गांव के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। गांव के स्वर्गीय एच/कैप्टन प्रताप सिंह खोला के पौत्र आशीष कुमार भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट के पद पर सफलतापूर्वक पास आउट हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

आशीष कुमार ने अपने परिवार की गौरवशाली सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देश सेवा का मार्ग चुना है। उनके दादा स्वर्गीय कैप्टन प्रताप सिंह खोला भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब आशीष कुमार ने भारतीय नौसेना में अधिकारी बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

आशीष कुमार के पिता अशोक कुमार, माता सुनीता तथा दादी ओमवती ने उनकी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे परिवार के लिए गौरवपूर्ण पल बताया। परिवार का कहना है कि बाबा श्याम की कृपा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर आशीष ने यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है।

भारतीय नौसेना जैसे प्रतिष्ठित बल में अधिकारी बनने पर गांव के लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी आशीष कुमार को शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि आशीष की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने यह साबित कर दिखाया कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी युवा मेहनत और लगन के दम पर देश सेवा के बड़े पदों तक पहुंच सकते हैं।