बी.डी. शर्मा, दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चरयाई बाजार में एक बेलगाम ट्रक ने दो साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: विंध्य की इस ‘लाइफलाइन’ का कब बदलेगा नसीब? कंपनियों ने छोड़ा काम, NHAI ने फिर खेला टेंडर दांव, सियासत गरमाई
गोदाम के पास ट्रक रिवर्स करते समय हुआ हादसा
यह दर्दनाक वाकया चरयाई बाजार का है। जानकारी के अनुसार बाजार में स्थित अमर आहूजा की गोदाम पर तेल से लदा एक ट्रक खाली हो रहा था। तेल खाली होने के बाद जब चालक ट्रक को बैक कर रहा था तभी वहां खेल रही कैलाश बंसल की 2 वर्षीय मासूम बेटी जैसमिन बंसल अचानक उस भारी-भरकम ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक का पहिया चढ़ने से मासूम जैसमिन गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, ट्रक जब्त
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन स्थानीय लोगों की मदद से मासूम जैसमिन को तुरंत दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक चोट आने के कारण उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल में लापरवाही की इंतेहा: 19 माह के मासूम की आंखों में डाला नोजल ड्रॉप, हमेशा के लिए चली गई आंखों की रोशनी
अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले ट्रक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। वहीं मासूम के शव को जिला अस्पताल के शव गृह में सुरक्षित रखवाया गया है। जिला अस्पताल के प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि की है कि बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जिसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

