अमित पाण्डेय, सीधी। सिंगरौली और सीधी जिले को जोड़ने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-39) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वर्षों से बदहाली का दंश झेल रही इस सड़क के कायाकल्प के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक बार फिर नए सिरे से टेंडर जारी किया है। करीब 108 किलोमीटर लंबी यह सड़क दोनों ही जिलों के लिए जीवनरेख यानि लाइफलाइन मानी जाती है लेकिन जर्जर और खस्ताहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों और राहगीरों का जीना मुहाल कर रखा है।

ये भी पढ़ें: तोंद घटेगी, फिटनेस बढ़ेगी! MP GRP की अनोखी पहल, मोटे पुलिसकर्मियों को फिट करने खुद ट्रैक पर उतरे ADG

बड़ी-बड़ी कंपनियों ने छोड़ा काम

सीधी से सिंगरौली तक का यह मार्ग पिछले कई सालों से अपनी बदहाली के लिए आंसू बहा रहा है। सड़क निर्माण का काम पहले भी कई बार शुरू किया गया लेकिन अलग-अलग तकनीकी और वित्तीय कारणों के चलते बड़ी-बड़ी निर्माण कंपनिया बीच में ही काम छोड़कर भाग खड़ी हुई।

जनता झेल रही है परेशानियों का दंश

बरसात का मौसम आते ही इस मार्ग की स्थिति नरकीय हो जाती है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, लगातार लगने वाला जाम और दुर्घटनाओं का हर वक्त बना रहने वाला खतरा सफर को बेहद खौफनाक बना देता है।

इस जर्जर रास्ते की प्रताड़ना से बचने के लिए अब कई वाहन चालक लंबा और वैकल्पिक रास्ता चुनने को मजबूर हैं, जिससे उनका समय और गाड़ी का ईंधन दोनों ही अतिरिक्त बर्बाद हो रहे हैं।

2 साल में पूरा होगा काम या फिर मिलेगा सिर्फ आश्वासन?

NHAI द्वारा नया टेंडर जारी किए जाने के बाद इस मुद्दे पर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। भाजपा सांसद राजेश मिश्रा  का कहना है कि अगले दो वर्षों के भीतर इस 108 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य पूरी तरह से संपन्न कर लिया जाएगा। जनता को जल्द ही एक बेहतर और सुगम मार्ग की सौगात मिलेगी।

सांसद के दावों पर कांग्रेस ने किया पलटवार

दूसरी तरफ विपक्षी दल कांग्रेस ने सांसद के इस दावे पर तंज कसा है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब जनता को ऐसा कोई सपना दिखाया गया हो। सालों से लोग केवल झूठे आश्वासन ही सुन रहे हैं। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि आखिर असलियत में जनता को कब गड्ढामुक्त और सुरक्षित सड़क नसीब होगी?

ये भी पढ़ें: अब परीक्षा पास करने पर ही मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी! भाजपा कार्यकर्ताओं का होगा ऑनलाइन टेस्ट, डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम शुरू

NHAI के टेंडर पर टिकी जनता की निगाहें

फिलहाल इस पूरे क्षेत्र की जनता की निगाहें NHAI के नए टेंडर और इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि वर्षों से अधूरी पड़ी यह सड़क इस बार तय समय सीमा में पूरी हो पाती है या फिर विंध्य के लोगों का इंतजार और लंबा होने वाला है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m