शब्बीर अहमद, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में अपने संगठन को हाईटेक और अधिक कुशल बनाने के लिए एक अनूठी पहल करने जा रही है। अब बीजेपी के बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन टेस्ट देना होगा। इसके लिए पार्टी ने एक विशेष डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की शुरुआत की है, जिसमें परीक्षा पास करने वाले कार्यकर्ताओं को सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: AIIMS की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल: अपर कलेक्टर की सास के इलाज में लापरवाही का आरोप, डायपर बदलने के मांगे पैसे
‘पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान’ की शुरुआत
भाजपा ने कार्यकर्ताओं को वैचारिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान’ शुरू किया है। यह विशेष अभियान 23 जून से शुरू हो चुका है और 6 जुलाई तक चलेगा। इस डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के तहत बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक के सभी सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
संगठन ऐप पर ट्रेनिंग और ऑनलाइन परीक्षा
पार्टी ने इस पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम को डिजिटल मोड पर रखा है जिससे हर कार्यकर्ता तक इसकी पहुंच आसान हो सके। कार्यकर्ताओं को पार्टी के आधिकारिक ‘संगठन ऐप’ (Sangathan App) पर विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कार्यकर्ताओं के लिए एक ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें उन्हें विषय से संबंधित प्रश्न-उत्तर हल करने होंगे। जो कार्यकर्ता इस ऑनलाइन परीक्षा को सफलतापूर्वक पास करेंगे, उन्हें पार्टी की ओर से एक आधिकारिक सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: अवैध रेत उत्खनन बना काल? केवई नदी में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की मौत, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
भविष्य में पद और जिम्मेदारी का बनेगा आधार!
भाजपा की इस अनूठी परीक्षा और सर्टिफिकेट को केवल एक ट्रेनिंग का हिस्सा नहीं माना जा रहा है, बल्कि भविष्य के लिहाज से यह बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह सर्टिफिकेट आने वाले समय में कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां, पद और चुनावी कमान सौंपने के लिए एक प्रमुख योग्यता के रूप में उपयोगी साबित होगा। यानी जो कार्यकर्ता संगठन के इस डिजिटल टेस्ट में अव्वल आएंगे उनके लिए तरक्की के रास्ते आसान हो सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

