न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया एक 12 वर्षीय बच्चा गहरे पानी में समा गया। गोताखोरों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद करीब 2 घंटे बाद बच्चे का शव नदी से बाहर निकाला जा सका। इस हादसे के बाद जहां परिवार में मातम छा गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन और अवैध रेत माफियाओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
ये भी पढ़ें: AIIMS की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल: अपर कलेक्टर की सास के इलाज में लापरवाही का आरोप, डायपर बदलने के मांगे पैसे
दोस्तों के साथ नहाने गया था मासूम
यह दर्दनाक घटना कोतमा भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केवई नदी पंप घाट की है। जानकारी के अनुसार गेट दफाई का रहने वाला 12 वर्षीय शिवम गुप्ता रविवार को अपने 7 दोस्तों के साथ नदी में नहाने और खेलने के लिए गया हुआ था।
नहाने के दौरान शिवम अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। शिवम को आंखों के सामने डूबता देख उसके दोस्तों में हड़कंप मच गया। बच्चों ने तुरंत इस बात की जानकारी शिवम के परिजनों को दी।
2 घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह, जमुना कोतमा क्षेत्र के कॉलरी महाप्रबंधक, थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों और गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लगभग 2 घंटे की भारी मशक्कत के बाद मासूम शिवम का शव गहरे पानी से बाहर निकाला जा सका।
प्रशासन और भीड़ के बीच बहसबाजी
शिवम की मौत की खबर फैलते ही घाट पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर जब प्रशासन ने लोगों को नदी के तट से पीछे हटाने की कोशिश की तो पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हल्की बहसबाजी भी देखने को मिली। वहीं बेटे का शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
ग्रामीणों का आरोप- अवैध रेत उत्खनन बना मौत का कारण?
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि केवई नदी में पिछले कई दिनों से अवैध रेत उत्खनन धड़ल्ले से चल रहा है।रेत माफियाओं द्वारा नदी के सीने को छलनी कर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं। पानी भरे होने के कारण इन गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।
ग्रामीणों का कहना है कि इसी अवैध उत्खनन के कारण बने एक गहरे गड्ढे की चपेट में आने से मासूम शिवम की जान चली गई। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

