बीडी शर्मा, दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश के चलते मकान की दीवार गिर गई, जिससे महिला मलबे में ही दब गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला पथरिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, दमोह के सतपारा गांव में बारिश के बीच कच्चे मकान की दीवार गिरने से 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद महिला मलबे में दब गई, जिसे परिजनों और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इसके बाद उसे निजी वाहन से पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें: थाने में ASI की अचानक बिगड़ी तबीयत: CPR देकर साथी पुलिसकर्मियों ने बचाई जान, Video Viral

मृतका की पहचान अनुसुइया पति भागीरथ सेन निवासी सतपारा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय परिवार के लोग घर के अंदर बैठे थे। अनुसुइया दूसरे कमरे में बैठी थीं, जो मिट्टी से बना हुआ था। बारिश के कारण अचानक मकान का छज्जा गिरा और उसके बाद दीवार भी ढह गई, जिससे महिला मलबे में दब गई। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।

ड्यूटी डॉक्टर अशोक विक्रम सिंह दांगी ने बताया कि महिला को अस्पताल लाए जाने तक उनकी मौत हो चुकी थी। पथरिया थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने बताया कि मकान की दीवार गिरने से महिला की दबकर मौत हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m