पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर मस्जिद इलाके में अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। कोल इंडिया के सेवानिवृत्त कर्मी रहमतुल्लाह खान के बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने करीब सात लाख रुपए की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में दहशत और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है।
खिड़की की ग्रिल काटकर घर में दाखिल हुए चोर
पीड़ित परिवार के अनुसार, रहमतुल्लाह खान वर्तमान में बिहार से बाहर रहते हैं, लेकिन कुछ दिन पहले ही अपनी पत्नी के इलाज के सिलसिले में अपने पैतृक घर सुल्तानपुर मस्जिद आए थे। बीती रात करीब ढाई बजे अचानक उन्हें घर के अंदर किसी प्रकार की खटखट की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने उठकर देखा, तो एक संदिग्ध युवक छत के रास्ते से भागता हुआ नजर आया। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने शातिर तरीके से एक कमरे की खिड़की की ग्रिल को काट दिया था और उसी रास्ते से घर के अंदर प्रवेश किया था।
अलमारी और लॉकर तोड़कर जेवरात उड़ाए
घर के अंदर घुसने के बाद चोरों ने बेखौफ होकर निचले और ऊपरी दोनों तालों की तलाशी ली। उन्होंने कमरों में रखे गोदरेज, लॉकर और अटैची के ताले तोड़ दिए। लॉकर में रखे सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात और अन्य कीमती सामान निकालकर चोर फरार हो गए। वारदात की यह पूरी खौफनाक तस्वीर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
सिरहाने से उठा ले गए मोबाइल
चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे घर के निचले हॉल तक पहुंच गए। जिस समय चोर घर में सक्रिय थे, उसी हॉल में रहमतुल्लाह खान, उनकी पत्नी और उनका छोटा बेटा गहरी नींद में सो रहे थे। चोरों ने सोते हुए परिवार के पास से ही तीन महंगे मोबाइल फोन चुरा लिए और फिर आसानी से छत के रास्ते फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और तुरंत इसकी सूचना डायल-112 तथा स्थानीय थाने को दी गई।
एक संदिग्ध युवक हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। पीड़ित परिवार द्वारा जताए गए संदेह के आधार पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक के पास से चोरी किए गए तीनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि, जेवरात और अन्य नकदी की बरामदगी को लेकर पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
लगातार बढ़ रही वारदातों से जनता में चिंता
दानापुर इलाके में पिछले कुछ दिनों से चोरी और आपराधिक घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। हाल ही में खगड़िया रोड स्थित श्याम गार्डेन अपार्टमेंट में सीबीआई कर्मी के फ्लैट, आर्य समाज मंदिर रोड पर स्थित एक अन्य बंद घर से छह लाख की चोरी और मिथिला कॉलोनी में आईपैड चोरी के मामले सामने आ चुके हैं। इन लगातार हो रही घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।



